फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के कुछ ही हफ्तों बाद साउथ अफ्रीकी मिडफील्डर जेडेन एडम्स ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। 25 वर्षीय एडम्स ने टूर्नामेंट में साउथ अफ्रीका के तीनों ग्रुप-स्टेज मुकाबलों में हिस्सा लिया था। यह टीम नॉकआउट राउंड में पहुंची थी, लेकिन एडम्स को ‘राउंड ऑफ 32’ में सह-मेजबान कनाडा के खिलाफ मुकाबले में मौका नहीं मिल सका था। 29 जून को खेले गए इस मुकाबले में टीम को 0-1 से हार का सामना करना पड़ा था।
एडम्स ने 2022 में साउथ अफ्रीका के लिए अपना सीनियर इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वह क्लब फुटबॉल में साउथ अफ्रीका की टॉप-फ्लाइट टीम मैमेलोडी सनडाउन्स के लिए खेलते थे। साउथ अफ्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री, गेटन मैकेंजी ने युवा मिडफील्डर के निधन पर हैरानी और दुख जताते हुए उन्हें देश के सबसे होनहार फुटबॉल टैलेंट में से एक बताया।
हालांकि, एडम्स की मौत की वजह अभी तक पता नहीं चल पाई है। ऐसे में मैकेंजी ने फैंस और मीडिया से अपील की है कि जब तक संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं, तब तक वे किसी भी तरह के कयास न लगाएं। उन्होंने कहा, “जेडेन की मौत की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है। मैं मीडिया और फैंस से अपील करता हूं कि वे संयम और सहानुभूति बरतें और कयास लगाने से बचें। इस बेहद मुश्किल समय में उनके परिवार और मैमेलॉडी सनडाउन्स को निजता दी जानी चाहिए। कोई भी आधिकारिक जानकारी सही समय पर संबंधित पक्षों द्वारा दी जाएगी।












