महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को तेज बारिश के बावजूद छात्रों सहित हजारों लोगों ने विशाल मार्च निकाला और नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं मुंबई के दादर में शिवसेना (यूबीटी) की अगुवाई में हजारों लोगों ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
कॉकरेच जनता पार्टी (सीजेपी) ने शुक्रवार को पुणे में 18वीं सदी के प्रसिद्ध किले शनिवारवाड़ा से शहर के मध्य स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय तक चार किलोमीटर लंबे इस मार्च का आयोजन किया। इस मार्च में विद्यार्थियों, कामकाजी पेशेवरों, वकीलों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में पुलिस द्वारा विद्यार्थियों पर किए गए लाठीचार्ज की निंदा की और प्रधान का इस्तीफा मांगा।













