पश्चिम एशिया में एक बार फिर हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। ईरान ने दुनिया के सबसे अहम समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट को ‘अगली नोटिस तक’ बंद करने का ऐलान कर दिया है। इसके कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य और रणनीतिक ठिकानों पर ताजा हवाई हमले किए। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव ने वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना के अनुसार, एक जहाज ने तय समुद्री मार्ग का पालन नहीं किया और अपने नेविगेशन सिस्टम भी बंद कर दिए थे। चेतावनी के बावजूद जहाज ने रास्ता नहीं बदला, जिसके बाद उसे निशाना बनाया गया। IRGC का दावा है कि कई अन्य जहाजों ने भी बिना मंजूरी वाले मार्गों से गुजरने की कोशिश की। इसके बाद ईरान ने पूरे होर्मुज स्ट्रेट को अगले आदेश तक बंद करने का फैसला लिया।
ईरान ने साफ कहा है कि जब तक क्षेत्र में अमेरिकी दखल खत्म नहीं होता, तब तक होर्मुज स्ट्रेट नहीं खोला जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई जारी रहती है तो क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और उसके सहयोगी देशों के सैन्य अड्डों को भी निशाना बनाया जाएगा।













