केदारनाथ धाम में बृहस्पतिवार सुबह हुई बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में ढक गया। पहाड़ों और मंदिर परिसर में बर्फबारी का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। धाम पहुंचे श्रद्धालु इस मनमोहक दृश्य को देखकर उत्साहित नजर आए। कई भक्तों ने बर्फ से ढके क्षेत्र की तस्वीरें खींचीं, तो कुछ सेल्फी लेकर इन यादगार पलों को कैमरे में कैद करते दिखाई दिए।
बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम में ठंड बढ़ गई है। वहीं, जिले के निचले इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। जिला मुख्यालय के साथ उखीमठ, गुप्तकाशी, जखोली और बसुकेदार क्षेत्र में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए 11 नवंबर को बंद होने हैं। कपाट बंद होने की तारीख नजदीक आने के साथ ही बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कमी नहीं दिख रही है। श्रद्धालु मौसम की चुनौतियों के बीच भी बाबा के दर्शन कर रहे हैं।











