फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने सोमवार को कहा कि वे राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के पूर्व सदस्यों अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए अदालत का रुख करेंगे। बार एसोसिएशन के वकीलों का दावा है कि उन्होंने दो जुलाई को राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की।
फैजाबाद बार एसोसिएशन के सदस्य आफताब खान ने कहा, ‘‘हमने राय, मिश्रा और राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को दो सप्ताह का समय दिया था। सोमवार को फैजाबाद बार एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर थाने गया था। वहां अधिकारियों ने हमें बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है और शिकायत को उच्च अधिकारियों को भेज दिया गया है।’’
आफताब खान उन 21 वकीलों की समिति के सदस्य भी हैं, जिसका गठन राय, मिश्रा और राव के खिलाफ मामले की पैरवी के लिए किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांग को लेकर अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से भी मुलाकात की, लेकिन उन्होंने भी बताया कि प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। अब हम अदालत का रुख करेंगे और राय, मिश्रा और राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।












