भूटान में गुरुवार देर रात शिंताफू ग्लेशियर झील फटने से भारी तबाही हुई है। इससे निकले पानी के तेज बहाव में यहां का मशहूर गर्म पानी का कुंड ‘गासा त्शाचु’पूरी तरह बह गया। झील से निकले पानी के कारण संकोश नदी का जलस्तर बढ़ गया। यह नदी भूटान से निकलकर असम और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों से गुजरकर ब्रह्मपुत्र में मिलती है। इस वजह से दोनों राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है।
बंगाल के अलीपुरद्वार में प्रशासन ने 10 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया है। रातभर लोगों को जल्दी घर छोड़ने और सायरन बजाकर सतर्क किया गया। NDRF, SDRF और आपदा प्रबंधन की टीमें तैनात हैं।













