कांग्रेस ने अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन की ‘‘स्वतंत्र और निष्पक्ष’’ जांच की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र के नागपुर शहर में प्रदर्शन किया। कांग्रेस की शहर इकाई के अध्यक्ष प्रफुल्ल गुडधे के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने यहां पोद्दारेश्वर राम मंदिर परिसर में सफेद गांधी टोपी तथा पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न वाले दुपट्टे पहनकर ‘रघुपति राघव राजाराम सत्याग्रह’ किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करने के बजाय भजन गाए।
कांग्रेस अयोध्या स्थित राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए 10 जुलाई से देशभर में संवाददाता सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू करेगी।इस दो दिवसीय अभियान में पार्टी के नेता सरकार, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ अपनी बात रखेंगे।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भगवान राम के मंदिर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चुने गए और भाजपा-आरएसएस से जुड़े ट्रस्ट के सदस्यों पर चंदा-चढ़ावे की चोरी और घोटाले के गंभीर आरोप लगे हैं।













