समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर परिसर में काम करने वाले सभी लोगों के ‘कॉल डिटेल रिकॉर्ड’ (सीडीआर) की जांच किए जाने की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को दावा किया कि इनमें से ‘‘99.9 प्रतिशत’’ लोगों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से संबंध पाए जाएंगे।
यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में बीजेपी पर चुनावी फायदे को धार्मिक मूल्यों से ऊपर रखने का आरोप लगाया और यह भी दावा किया कि अगर यह जांच हो जाए तो भाजपा में ‘‘भगदड़’’ मच जाएगी।
सपा प्रमुख ने बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने और इस्तीफा देने वाले इसके पूर्व पदाधिकारियों चंपत राय और अनिल मिश्रा के हस्ताक्षर से पूर्व में किये गये कार्यों की न्यायिक जांच की भी मांग की।













