असम में एक और मौत के साथ शुक्रवार को बाढ़ से मरने वालों की संख्या 104 हो गई, जबकि बाढ़ से प्रभावित लोगों की संख्या भी थोड़ी बढ़कर 78,000 से अधिक हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, बाढ़ प्रभावित जिलों की संख्या सात पर स्थिर बनी हुई है। पिछले 24 घंटे में शिवसागर जिले में एक व्यक्ति की मौत दर्ज की गई, जिससे इस साल बाढ़ से संबंधित मौतों का आंकड़ा 104 हो गया।
बाढ़ के पानी ने नागांव, गोलाघाट, शिवसागर, कामरूप, होजई, जोरहाट और लखीमपुर जिलों के 20 राजस्व क्षेत्रों और 313 गांवों को प्रभावित किया है। बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित गोलाघाट जिला रहा, जहां 30,778 लोग प्रभावित हुए हैं। इसके बाद नगांव में 26,292 और शिवसागर में 12,480 लोग बाढ़ की चपेट में आए हैं। बृहस्पतिवार को इन सात जिलों में करीब 77,500 लोग बाढ़ से प्रभावित थे।










