देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। देशभर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे और देशभक्ति के रंग में जश्न का माहौल है। 2026 में आजादी के 79 वर्ष पूरे हुए हैं, जबकि यह 80वां स्वतंत्रता दिवस है। इसी मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले अनगिनत सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
खड़गे ने कहा कि पिछले 79 वर्षों में देश ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन एक राष्ट्र के रूप में अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने संदेश में स्वतंत्रता के अर्थ को संविधान से जोड़ते हुए कहा कि आजादी केवल अंग्रेजी हुकूमत से मुक्ति नहीं, बल्कि हर भारतीय को संविधान से मिले समानता, सम्मान, न्याय और अपनी बात कहने के अधिकार का भरोसा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत और हर नागरिक का मजबूत सुरक्षा कवच बताया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने बीते एक दशक में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव के सामने आई चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए अवसर, किसानों को उनकी मेहनत का सम्मान और न्याय तथा महिलाओं को समान अधिकार और मजबूत भागीदारी मिलनी चाहिए।












