दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में रविवार को हुई बारिश के बाद मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को सुहावने मौसम का एहसास हुआ। हालांकि, बारिश के बावजूद दिल्ली के कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर खराब बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। विभाग के मुताबिक, दिल्ली में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की संभावना है।
बारिश के बाद मौसम सुहाना जरूर हुआ है, लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, अलीपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 248, DTU में 203 और IIT दिल्ली में 254 दर्ज किया गया। ये सभी आंकड़े खराब श्रेणी में आते हैं।
दूसरी ओर, बुराड़ी में AQI 167, अशोक विहार में 150, द्वारका सेक्टर-8 में 198, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 176 और आनंद विहार में 179 दर्ज किया गया। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में AQI 229 रहा। CPCB के मानकों के अनुसार, 101 से 200 के बीच AQI को मध्यम और 201 से 300 के बीच खराब श्रेणी में रखा जाता है। वहीं, 0 से 50 तक की वायु गुणवत्ता अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर मानी जाती है।













