कांग्रेस ने रविवार को निर्वाचन आयोग पर विवादित ईसीआईएनईटी सॉफ्टवेयर से जुड़ी जानकारी छिपाने का आरोप लगाया और दावा किया कि वह बार-बार यह जानकारी देने से इनकार कर रहा है, क्योंकि इससे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर हुई गड़बड़ी की सच्चाई सामने आ जाएगी। कांग्रेस ने इस प्रक्रिया को विनाशकारी बताया।
विपक्षी पार्टी ने एक बार फिर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और एसआईआर की प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग की।
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने मीडिया में आई एक खबर साझा की, जिसमें दावा किया गया है कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने यह बताने से इनकार कर दिया है कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूचियों में गलतियों व गड़बड़ियों की पहचान करने के लिए किस सॉफ्टवेयर और उसके किस संस्करण का इस्तेमाल किया गया था।
खबर के मुताबिक आयोग ने कहा कि यह जानकारी गोपनीयता से जुड़ी है, इसलिए इसे सूचना का अधिकार (आरटीआई) कानून के तहत साझा करने से छूट प्राप्त है।













