अरुणाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी मानसूनी बारिश से व्यापक तबाही के चलते बचाव अभियान सोमवार को भी जारी है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण सड़कों, पुलों और मकानों को नुकसान पहुंचने के साथ कम से कम 12 जिलों में संपर्क व्यवस्था बाधित हो गई।
लोअर दिबांग वैली जिले के डंबुक इलाके में सिसिरी नदी के बीच एक टापू पर फंसे चार लोगों को सोमवार को भारतीय वायु सेना के हेलीकॉप्टर से बचाया गया।
भारी बारिश ने लोअर दिबांग वैली जिले में रोइंग-अनिनी सड़क को भी बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। अचानक आई बाढ़ कई जगहों पर सड़कों और पुलों को बहा ले गई है।
अंजॉ जिले में रविवार रात वालोंग की ओर सरती गांव के पास राजमार्ग निर्माण कार्य में लगी एक गाड़ी पर भारी चट्टान गिरने से निर्माण मशीन संचालक की मौत की आशंका है। खराब दृश्यता और चट्टानों के गिरने के खतरे के कारण बचाव अभियान रातभर के लिए स्थगित कर दिया गया था, जिसे सोमवार तड़के दोबारा शुरू किया गया।
वालोंग चौकी और हवाई पुलिस थाने की पुलिस बचाव अभियान में सहयोग कर रही है। मलबा हटाने का कार्य पूरा होने तक प्रभावित सड़क को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन, बाढ़ और सड़कें बह जाने से ईस्ट सियांग जिले में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।












