केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने 10 अक्टूबर को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली में मेट्रो और रेल सेवाएं ‘‘पूरी तरह बंद नहीं करने’’ के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का कथित तौर पर उल्लंघन किए जाने से जुड़े अवमानना मामले में बिना शर्त माफी मांगी है।
मोहन ने कोर्ट में दाखिल एक हलफनामे में कहा कि दिल्ली पुलिस से 10 अक्टूबर को रात 10 बजे तक एक दिन के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करने का अनुरोध मिला था।
उन्होंने कहा, ‘‘इस अनुरोध पर कानून के अनुसार विचार किया गया और स्थिति की गंभीरता एवं राष्ट्रीय राजधानी में सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने से रोकने की जरूरत को देखते हुए इसे उचित और जरूरत के अनुरूप पाया गया।’’
गृह सचिव ने बताया कि नौ अक्टूबर को रात 10 बजे से 10 अक्टूबर को रात 10 बजे तक रायसीना हिल के चार किलोमीटर के दायरे में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद रखी गई थीं।उन्होंने स्पष्ट किया कि पाबंदी केवल मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर लगाई गई थी तथा वाई-फाई या ब्रॉडबैंड जैसी अन्य इंटरनेट और दूरसंचार सेवाओं पर कोई रोक नहीं थी।













