भारतीय युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर दिल्ली में भव्य रोजगार मेला का आयोजन किया, जिसमें लगभग 7000 युवाओं को ‘जॉब लेटर’ दिया गया। युवा कांग्रेस के इस रोजगार मेला में देश भर से आए हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, राजधानी दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इस रोजगार मेले में टाटा अलायन्स, फ्लिपकार्ट, जेप्टो, वोल्टास, टेक महिंद्रा, पेटीएम, आदित्य बिरला, हिताची, अर्बन क्लैप जैसी 150 कंपनिया शामिल हुईं।
युवा कांग्रेस ने कहा, ‘‘इस दौरान रोजगार मेले में लगभग 30000 युवाओ ने ऑनलाइन और 9000 से ज्यादा युवाओं ने अपना मौके पर ही पंजीकरण करवाया और लगभग 7000 युवाओं को हाथोंहाथ जॉब लेटर मिले। इसके साथ ही साथ कई युवाओं को कंपनियों द्वारा दूसरे चरण के लिए भी आमंत्रित किया गया है।
युवा कांग्रेस के इस प्रयास की सराहना करने सचिन पायलट समेत कांग्रेस के कई नेता भी रोजगार मेले में पहुंचे। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि जहां एक तरफ़ देश के युवा बीजेपी के पेपर लीक और बेरोज़गारी वाले मॉडल से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ़ राहुल गांधी के नेतृत्व में उनका संगठन ‘नौकरी, न्याय और जवाबदेही’ का मॉडल पेश कर रहा है।













