मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आई शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा हटाने की कार्रवाई नगर निगम की टीम ने सोमवार सुबह शुरू की। कार्रवाई का स्थानीय मुस्लिम समाज पिछले दो दिनों से विरोध कर रहा था। सोमवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई से पहले ही मौके पर भीड़ जुट गई। इस दौरान पुलिस से टकराव हो गया। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर किया।
रविवार रात भी जेसीबी और पोकलेन मशीनों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और देर रात तक विरोध जारी रहा। सोमवार सुबह एक बार फिर भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा बढ़ा दी और समाज के प्रतिनिधियों से बातचीत की। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।












