मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। गौसिया चॉल, राठौड़ मेडिकल के पास पहाड़ का एक हिस्सा गिरने से कई लोग मलबे में दब गए। हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, NDRF और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे भूस्खलन की सूचना मिली। बताया गया कि रातभर हुई तेज बारिश के बीच चॉल के पास पहाड़ का हिस्सा अचानक गिर गया। मलबा गिरने से वहां मौजूद लोगों के दबे होने की आशंका पैदा हुई। इसके बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए BMC फायर ब्रिगेड, पुलिस, बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और BMC वार्ड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मलबे को तेजी से हटाने का काम जारी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। घटनास्थल से हादसे का वीडियो भी सामने आया है।













