भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के 13 राज्यों के लिए आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, अगले 10 घंटों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है और कई इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दक्षिण भारत में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। दक्षिण गुजरात से मध्य केरल तक फैली लो-प्रेशर ट्रफ के कारण नमी बढ़ रही है, जिससे बादल तेजी से बन रहे हैं और तमिलनाडु के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर में जाने वाले मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की है। 10 से 12 जुलाई के बीच समुद्र में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं राजस्थान में हाल की भारी बारिश के बाद कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि 11 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगभग एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। केरल के मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा छह अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में 10 और 11 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 12 जुलाई को तापमान 37/27, 13 जुलाई को 37/28 और 14 जुलाई को 37/29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इन तीनों दिनों में सामान्य तौर पर बादल छाए रहेंगे, हालांकि मौसम विभाग ने कोई अतिरिक्त चेतावनी जारी नहीं की है।












