वेनेजुएला में देर रात आए एक मिनट के अंतराल में दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी है। देश के कई हिस्सों में सैकड़ों इमारतें धराशायी हो गईं, जबकि एयरपोर्ट समेत कई महत्वपूर्ण ढांचों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। राजधानी काराकस और अन्य शहरों से सामने आए वीडियो में विनाश का भयावह दृश्य दिखाई दे रहा है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले भूकंपों ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।
United States Geological Survey (USGS) के शुरुआती आकलन के अनुसार, इस आपदा में मृतकों की संख्या 10 हजार से अधिक हो सकती है। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि जान-माल का नुकसान बेहद गंभीर स्तर का हो सकता है और मौतों का आंकड़ा 10,000 से 1,00,000 के बीच पहुंचने की आशंका है।
हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है। वहीं, स्थानीय अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कई इमारतें ढह गई हैं, राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी हैं और घायलों की संख्या लगातार बढ़ रही है।












