जौनपुर जिले के बरसठी क्षेत्र में ‘सबमर्सिबल पंप’ लगाने के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो बच्चों की बुधवार शाम मौत हो गयी।
मड़ियाहूं के उपजिलाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर निवासी अच्छेलाल उर्फ पप्पू गौतम ने ‘सबमर्सिबल पंप’ लगाने के लिए मंगलवार को बोरवेल खुदवाया था।
कुमार ने बताया कि इसके लिए खोदे गए गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया था और उसमें बारिश का पानी भर गया था।
‘सबमर्सिबल पंप’ ऐसा विद्युत चालित पंप होता है जिसे पानी के अंदर डालकर चलाया जाता है। यह आमतौर पर बोरवेल या गहरे कुएं में लगाया जाता है और नीचे से पानी खींचकर पाइप के जरिए ऊपर पहुंचाता है।
अधिकारी ने बताया कि गांव के छह वर्षीय शिवम और पांच वर्षीय आरव बुधवार शाम करीब पांच बजे खेलते समय गड्ढे में गिरकर डूब गए।
कुमार ने बताया कि जब काफी देर तक दोनों बच्चे घर नहीं पहुंचे तो उनके परिजनों एवं ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की और उन्हें घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित गड्ढे में दोनों बच्चे पानी और कीचड़ में फंसे मिले।













