केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह ने UGC रोलबैक के मुद्दे को लेकर सवर्ण नेताओं के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। बैठक के बाद 20 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित UGC रोलबैक सवर्ण महापंचायत को स्थगित कर दिया गया है। नड्डा ने सोशल मीडिया के जरिए बताया कि सवर्ण महापंचायत समिति के संस्थापक और क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत ने प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया।
नड्डा ने बताया कि उनके आवास पर जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में राज शेखावत और उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक हुई। प्रतिनिधिमंडल में समृद्ध सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शुभांशु सिंह राजपूत, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के आईटी सेल अध्यक्ष आर.के. सिंह, क्षत्रिय करणी सेना की महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट डॉ. संगीता सिंह और सवर्ण महापंचायत समिति के कानूनी सलाहकार एडवोकेट हिमांशु शर्मा शामिल थे।
नड्डा के मुताबिक, बैठक में प्रतिनिधिमंडल की ओर से उठाए गए मुद्दों पर सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों पर न्यायसंगत तरीके से विचार करेगी। साथ ही अगले तीन सप्ताह में प्रतिनिधिमंडल के साथ दोबारा बैठक करने की बात कही।













