उत्तर प्रदेश में गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर कोलोनलगंज क्षेत्र में एक ढाबे के पास घायल मोटरसाइकिल सवार की मदद कर रहे लोगों के एक समूह को तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा बुधवार देर रात हुआ। एक मोटरसाइकिल सवार सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था, जिसके बाद स्थानीय लोग उसकी मदद के लिए सड़क पर जमा हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार एसयूवी ने भीड़ को रौंद दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक दवायाचा ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग हवा में उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों ने एसयूवी चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।













