राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आग लगने की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने पास के एक अन्य फ्लैट को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
यह घटना नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी की है। सोमवार सुबह लोगों ने एक टावर से धुआं उठता देखा, जो कुछ ही देर में भीषण आग में बदल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और अपने स्तर पर भी आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि आग तेजी से फैलते हुए पास के एक फ्लैट तक पहुंच गई, जिसके बाद आसपास के लोगों से भी फ्लैट खाली करने की अपील की गई।













