पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 294 विधानसभा सीटों में से 152 सीटों और तमिलनाडु की सभी 234 सीटों में आज मतदान हो रहे हैं।पहले चरण की वोटिंग को लेकर टीएमसी ने कहा कि मां की रक्षा और बंगाल के लिए विकास के लिए वोट करें। गर्व से सिर उठाकर मतदान करने जाएं।हमारी ‘मां’ के सम्मान के लिए वोट दें। हमारी ‘माटी’ की रक्षा के लिए वोट दें।हमारे ‘मानुष’ की सुरक्षा के लिए वोट दें।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु में कुल 4023 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) के नेतृत्व वाले गठबंधन और अन्नाद्रमुक-भाजपा गठबंधन के बीच है। अभिनेता विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कषगम’ ने कुछ सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला खड़ा कर दिया है।
द्रमुक की ओर से मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने स्टार प्रचारक की भूमिका निभाई, जबकि अन्नाद्रमुक की ओर से एडापट्टी के. पलानीस्वामी ने प्रचार की कमान संभाली। भाजपा गठबंधन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और नितिन गडकरी ने धुआंधार प्रचार किया। प्रदेश में भ्रष्टाचार, तमिल स्वाभिमान और महिला आरक्षण जैसे मुद्दे चुनावी चर्चा के केंद्र में रहे।












