तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर चल रहा सत्ता संघर्ष और गहरा गया है। इसी कड़ी में आज पश्चिम बंगाल में उस समय एक बड़ा राजनीतिक धमाका हुआ, जब बागी नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने खुद को ‘असली टीएमसी’ बताते हुए ममता बनर्जी को ही पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से हटा दिया। वहीं पार्टी के दूसरे सबसे बड़े नेता अभिषेक बनर्जी को भी निलंबित कर दिया गया। बैठक में हावड़ा मध्य से विधायक अरूप रॉय को पार्टी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सोमवार को न्यू टाउन स्थित एक होटल में ऋतब्रत बनर्जी गुट की बैठक हुई। इस गुट का दावा है कि इस बैठक में 60 विधायक और कोलकाता नगर निगम के 70 पार्षद शामिल हुए। तृणमूल कांग्रेस पर नियंत्रण की कोशिश में बुलाई गई बैठक में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट ने पार्टी संस्थापक ममता बनर्जी को पद से हटाते हुए विधायक अरूप रॉय को पार्टी का नया अध्यक्ष चुना। इस कदम से संकेत मिलता है कि विधानसभा से शुरू हुई और बाद में संसद तक फैली बगावत अब टीएमसी के संगठनात्मक गढ़ तक पहुंच गई है।













