लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और महासचिव प्रियंका गांधी और कई अन्य नेता छात्रों पर पुलिस के बल प्रयोग के के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठ गए हैं। प्रधानमंत्री के आवास ‘7 लोक कल्याण मार्ग’ के निकट धरने पर बैठे कांग्रेस नेताओं ने यहां ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाए।
लोक कल्याण मार्ग पर पीएम आवास के सामने धरने पर बैठे राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। पीएम आवास के सामने धरने पर कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, के सुरेश, चरणजीत सिंह चन्नी समेत कई कांग्रेस नेता बैठे थे।
इससे पहले, राहुल गांधी ने कहा, “हम कल युवा छात्रों के साथ हुई क्रूरता को लेकर पीएम मोदी से जवाब मांगने के लिए उनके घर तक मार्च कर रहे हैं। सरकार कोई जवाबदेही नहीं लेना चाहती या संसद में इस पर बहस नहीं करना चाहती। भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।












