विदेश मंत्रालय (MEA) ने मंगलवार को रूस के कार्यवाहक राजदूत (चार्ज डी’अफेयर्स) व्लादिमीर लादानोव को तलब किया। यह कदम वाणिज्यिक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले के बाद उठाया गया, जिसमें चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। भारत ने इस घटना पर अपनी गहरी चिंता जताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि रूसी राजनयिक को मंत्रालय में बुलाकर बताया गया कि वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाकर किए जाने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।
MEA ने अपने बयान में कहा, “आज रूस के कार्यवाहक राजदूत श्री व्लादिमीर लादानोव को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। मंत्रालय ने 19 जुलाई 2026 को वाणिज्यिक जहाज एमवी गोल्डन लियो पर हुए हमले, जिसमें चार भारतीयों की दुखद मृत्यु हुई, पर भारत की गहरी चिंता और स्पष्ट निंदा से उन्हें अवगत कराया। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय समुद्री वाणिज्य की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता को कमजोर करते हैं।













