कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा सोमवार को आयोजित संसद मार्च के दौरान युवाओं पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने के बाद दिल्ली पुलिस ने 100 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और उन्हें दिल्ली के विभिन्न थानों में रखा गया है। पुलिस ने कहा कि हिरासत में लिए गए लोग छात्र नहीं हैं और उनकी पहचान सत्यापित की जा रही है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अशांति के सिलसिले में हिरासत में लिए गए लोग बिल्कुल भी छात्र नहीं हैं, और पुलिस उनके व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन कर रही है।अधिकारी ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के दौरान झड़पों, पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक संपत्ति को नष्ट करने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
अधिकारी ने यह भी कहा कि वे झड़प के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं और ‘बाहरी पहलू’ की भी पड़ताल की जाएगी। अधिकारी के मुताबिक, जांच तेज कर दी गई है और टीम हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए वीडियो फुटेज, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और अन्य सबूतों की छानबीन कर रही हैं। पुलिसकर्मियों पर हमला करने, पुलिस वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों को सख्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।













