मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का 7 और 8 अक्टूबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है। पत्र के मुताबिक, “अपरिहार्य कारणों” से यह दौरा स्थगित किया गया है और आयोग से नई तारीख मिलने के बाद इसकी सूचना अलग से दी जाएगी।
इस दौरे को लेकर छत्तीसगढ़ में पहले से ही तैयारियां की जा रही थीं। ज्ञानेश कुमार को दंतेवाड़ा के प्रसिद्ध दंतेश्वरी माता मंदिर, बस्तर के चित्रकोट झरने और कवर्धा जिले के भोरमदेव मंदिर का दौरा करना था। उनकी यात्रा को देखते हुए उन्हें राजकीय अतिथि घोषित किया गया था और आवश्यक प्रोटोकॉल व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए थे। हालांकि, अब पूरा कार्यक्रम स्थगित हो गया है।













