पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ एक और मामले में कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दे दी है। यह कदम पश्चिम बंगाल स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने की जांच में खामियां सामने आने के बाद उठाया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में पानी को असुरक्षित बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव में स्थित बिसलेरी प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कानूनी नमूना लिया गया था। जांच के दौरान इसमें कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी पाई गई। खास बात यह है कि शुरुआती जांच करने वाली प्रयोगशाला के साथ-साथ रेफरल लैब ने भी बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की।इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियामक ने मामले को गंभीरता से लिया और कंपनी के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का फैसला किया।
इस मामले में एफएसएसएआई ने 12 अगस्त 2026 को संबंधित पानी के केवल एक बैच की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद अब कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति भी दे दी गई है।नियामक के मुताबिक, जांच में नमूना निर्धारित ब्रोमेट सीमा से जुड़े मानकों पर भी खरा नहीं उतरा। इसी आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित किया गया।













