नई दिल्ली, जमाअत-ए-इस्लामी हिंद के उपाध्यक्ष प्रो. सलीम इंजीनियर ने जामिया मिलिया इस्लामिया छात्र संघ चुनावों के लिए एक स्पष्ट समय-सीमा तय करने और छात्रों के खिलाफ की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को बिना किसी शर्त के तुरंत वापस लेने की मांग की है।
मीडिया को जारी एक बयान में, प्रोफेसर सलीम इंजीनियर ने कहा, ” यूनियन कंस्टीटूशन की मंजूरी के 15 दिनों के भीतर छात्र संघ चुनाव कराने का कथित निर्णय एक सकारात्मक कदम है। हालांकि, इस प्रतिबद्धता के साथ तत्काल चुनाव अधिसूचना, संविधान का मसौदा तैयार करने के लिए एक निश्चित समयरेखा और चुनाव की एक निश्चित तारीख होनी चाहिए। बिना किसी स्पष्ट समय-सीमा के संविधान बनाने की एक अनिश्चित प्रक्रिया ‘ जामिया मिलिया इस्लामिया स्टूडेंट्स यूनियन’ (JMISU) की बहाली की मुख्य मांग को अनसुलझा ही छोड़ देगी। छात्रों ने अपना विरोध-प्रदर्शन वापस नहीं लिया है, इसलिए सार्थक बातचीत और स्पष्ट वादों के ज़रिए उनकी लंबित चिंताओं का समाधान करना अत्यंत आवश्यक है।”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए जमाअत के उपाध्यक्ष ने कहा, “हालांकि निलंबन आदेशों और कारण बताओ नोटिसों को रद्द किए जाने की खबर का स्वागत है, लेकिन प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आंदोलन के कारण की गई सभी अनुशासनात्मक कार्रवाइयों को पूरी तरह और बिना किसी शर्त के वापस लिया जाए। इस बात का स्पष्ट लिखित आश्वासन कि विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए छात्रों के खिलाफ आगे कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी, विश्वास बहाल करने और परिसर को आगे बढ़ने में मदद करेगा। हम विश्वविद्यालय से यह भी आग्रह करते हैं कि वह एक तय समय-सीमा के भीतर संवैधानिक औपचारिकताओं को पूरा करे और बिना किसी और देरी के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करे। इस प्रक्रिया का परिणाम चुनाव होना चाहिए, न कि यह अनिश्चित काल तक केवल समिति के स्तर पर ही अटका रहे।”
प्रो. सलीम इंजीनियर ने कहा, “हम विरोध-प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाकर्मियों के आचरण की एक विश्वसनीय और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। 17 अक्टूबर को तड़के, भूख हड़ताल कर रहे छात्रों को प्रदर्शन स्थल से हटाने की कोशिश के आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। न्याय का तकाजा है कि किसी को भी जवाबदेही से न बचाया जाए, चाहे उसका पद कुछ भी हो। अनुशासनात्मक आदेशों को वापस लेना और जांच शुरू करना स्वागत योग्य कदम हैं, लेकिन जनता का भरोसा इस बात पर निर्भर करेगा कि इन्हें कितनी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाता है। जब मामला किसी विरोध प्रदर्शन में सामूहिक भागीदारी से जुड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई का हो, तो छात्रों को व्यक्तिगत स्तर पर राहत पाने के लिए अलग-अलग प्रयास नहीं करने पड़ने चाहिए।”
जामिया मिलिया छात्र विरोध प्रदर्शनों को लेकर अपनी चिंताएं दोहराते हुए प्रो. सलीम इंजीनियर ने कहा, “विश्वविद्यालयों की यह जिम्मेदारी है कि वे लोकतांत्रिक भागीदारी, आलोचनात्मक सोच और जिम्मेदार नेतृत्व को बढ़ावा दें। जामिया मिलिया इस्लामिया को, अपनी प्रतिष्ठित शैक्षणिक विरासत को ध्यान में रखते हुए, यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसके छात्रों को लागू ढांचे—जिसमें लिंगदोह समिति की संबंधित सिफारिशें भी शामिल हैं—के अनुसार लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व का उचित अवसर मिले। हम जामिया प्रशासन से आग्रह करते हैं कि वह अपने आश्वासनों को ठोस और समयबद्ध कार्रवाई में बदले, और सुरक्षाकर्मियों के कथित आचरण के लिए जवाबदेही तय करे। इन चिंताओं का निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान करने से भरोसा फिर से कायम करने, शैक्षणिक माहौल की रक्षा करने और विश्वविद्यालय की लोकतांत्रिक संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।













