भारतीय जनता पार्टी में पश्चिम बंगाल में 77 बूथों पर दोबारा मतदान की मांग की है। 29 अप्रैल को दूसरे चरण के दौरान इन 77 बूथों पर वोटिंग हुई थी, जहां गड़बड़ी और झड़प की खबरें भी सामने आई थीं। वहीं, सूत्रों ने बताया है कि गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) बीजेपी की मांग पर फैसला ले सकता है।
77 मतदान केंद्रों में से 64 डायमंड हार्बर के अंतर्गत आते हैं। यहां से तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी सांसद हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के एक अंदरूनी सूत्र ने बताया कि जिन 77 मतदान केंद्रों पर बीजेपी ने दोबारा मतदान की मांग की है, उनमें से 32 फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में, 29 डायमंड हार्बर विधानसभा सीट पर और 13 मगराहाट (पूर्व) विधानसभा क्षेत्र में आते हैं।











