कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और पूर्व ओलंपियन और विधायक परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से दोनों नियुक्तियों से संबंधित प्रेस रिलीज जारी की गई।
संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया है। परगट सिंह जालंधर छावनी से विधायक हैं। वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
केसी वेणुगोपाल के अनुसार, पंजाब में चुनाव संबंधी विभिन्न समितियों के कार्यकारी अध्यक्षों और अध्यक्षों तथा सह-अध्यक्षों की नियुक्तियां यथावत रहेंगी। पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की सराहना की। परगट सिंह को अध्यक्ष नियक्त किए जाने से कुछ घंटे पहले वडिंग ने राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र औपचारिक रूप से सौंपा था। राजा वडिंग ने परगट सिंह को अध्यक्ष नियक्त किए जाने पर बधाई दी है।













