दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी की मांग मान ली है और पेलेट गन के मामले में FIR दर्ज कर ली है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के नेता पीड़ित लोचब को लेकर संसद मार्ग थाने में धरने पर बैठे हुए थे। यह FIR घटना के 31 दिन के बाद दर्ज की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि यह न्याय की दिशा में पहला कदम है। केस दर्ज हो गया है। उसे गोली लगे हुए एक महीना हो चुका है। उसके शरीर में अभी भी छर्रे (पेलेट्स) फंसे हुए हैं, तीन तो उसकी आंख में हैं, और वह उससे देख नहीं पा रहा है। तीन या चार छर्रे उसके दिल के पास हैं। इस नौजवान के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा पैलेट गन का इस्तेमाल किए जाने से युवक के घायल होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज किया जाना कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में सत्य और न्याय की जीत है।
अशोक गहलोत ने कहा कि अब दिल्ली पुलिस को दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। राहुल गांधी ने राष्ट्रीय राजधानी में ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान पैलेट गन के छर्रे लगने से युवक साहिल लोचब के घायल होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शुक्रवार को संसद मार्ग थाने में धरना दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।
अशओक गहलोत ने एक बयान में कहा, “ राहुल गांधी की अगुवाई में फिर एक बार सत्य और न्याय की जीत हुई।”
अशोक गहलोत ने कहा कि अब दिल्ली पुलिस को दोषियों की पहचान करके उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साहिल के साथ पूरा न्याय तभी होगा जब असली गुनहगार सलाखों के पीछे होंगे।













