बिहार में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच शनिवार सुबह पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी का जलस्तर 10 सेंटीमीटर बढ़ गया और नदी ‘उच्चतम बाढ़ स्तर’ से एक सेंटीमीटर ऊपर बह रही है जिससे निचले इलाकों के डूबने का खतरा है। आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
जल संसाधन विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार, ‘‘पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर पिछले चार घंटों में 10 सेंटीमीटर बढ़कर शनिवार सुबह 10 बजे 50.53 सेंटीमीटर पर पहुंच गया, जो उच्चतम बाढ़ स्तर से एक सेंटीमीटर अधिक है।
बुलेटिन में कहा गया, ‘‘गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर रविवार सुबह आठ बजे तक और बढ़कर 50.62 सेंटीमीटर तक पहुंच सकता है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।’’
राज्य में भारी बारिश और पड़ोसी देश नेपाल में हुई बारिश के कारण गंगा, गंडक, कोसी, बूढ़ी गंडक, बागमती, पुनपुन और घाघरा नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके कारण बिहार के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।













