पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा कि संजय झा 2012 में अपने राजनीतिक संरक्षक और बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिवंगत अरुण जेटली की सहमति से बीजेपी छोड़कर जेडीयू में शामिल हुए थे। इससे तीन वर्ष पहले बीजेपी ने संजय झा को लोकसभा का टिकट नहीं दिया था।
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘संजय झा को बीजेपी ने जेडीयू को खत्म करने के लिए पार्टी में भेजा था और वह अपने मिशन में सफल भी हो गए। जेडीयू का हर नेता जानता है कि आज नीतीश कुमार जी की स्थिति के पीछे कौन जिम्मेदार है।’’ उन्होंने दावा किया कि जेडीयू अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है। संजय झा की ओर से ‘एनआरआई नेता’ कहे जाने पर तेजस्वी ने आईना दिखाते हुए जवाब दिया, “संजय झा की बेटियां विदेश में रहती हैं और वह स्वयं भी अक्सर विदेश जाते हैं, लेकिन मैंने कभी इस पर टिप्पणी नहीं की।
तेजस्वी के आरोपों पर पलटवार करते हुए संजय झा ने उन्हें “एनआरआई नेता” बताया और कहा कि तेजस्वी को जेडीयू और नीतीश कुमार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। झा ने कहा, “जब भी बिहार पर कोई संकट आता है, तेजस्वी यादव बिहार में नहीं मिलते। वह एनआरआई नेता हैं। पिछले वर्ष के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी का जनाधार घटा है। उन्हें अपनी पार्टी की चिंता करनी चाहिए, जेडीयू की नहीं। नीतीश कुमार और पूरी जेडीयू अपनी देखभाल करने में सक्षम हैं।













