रांची :झारखंड में भारतीय रेल ने आज से विस्टाडोम कोच की शुरुआत की है। सांसद अन्नपुर्णा देवी ने गिरिडीह स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को रवाना किया। मंगलवार को गिरिडीह से ट्रेन की शुरुआत हुई और ट्रेन शाम 5 बजे बरकाकाना जंक्शन पहुंची। जंक्शन पर तीन मिनट रुकने के बाद यह ट्रेन रामगढ़ कैंट स्टेशन की तरफ बढ़ गयी। सांसद जयंत सिन्हा हजारीबाग से ही बरकाकाना जंक्शन पहुंचे। बरकाकाना रेलवे स्टेशन में सांसद जयंत सिन्हा और विधायक अंबा प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस सफर का आनंद सांसद अन्नपुर्णा देवी ने भी लिया।
जयंत सिन्हा ने कहा, रेल मंत्रालय ने झारखंड वासियों को जो सौगात दी है वह कमाल की है। जंगल सफारी और जू में विस्टाडोम की तरह ओपन जीप और छोटी कर में घूमते हैं। अब हर दिन गिरिडीह से रांची तक का सफर वादियों के साथ यादगार होगा। सांसद अन्नपुर्णा देवी ने यात्रा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी अपलोड की। उन्होंने लिखा, – रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस को खास बनाता है इसका विस्टाडोम कोच आदरणीय प्रधानमंत्री नेरेंद्र मोदी वंचितों को वरीयता देने में विश्वास रखते हैं। करीब डेढ़ सदी तक सीधी ट्रेन से वंचित गिरिडीह से खुलनेवाली पहली ट्रेन में विस्टाडोम कोच की मौजूदगी मोदी जी की इसी सोच का परिणाम है। बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने कहा, हेमंत सरकार की सकारात्मक पहल के कारण जनता को यह सौगात मिली है।