असम इस समय भीषण प्राकृतिक आपदा की चपेट में है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने राज्य में बाढ़ की पहली ही लहर को बेहद विनाशकारी बना दिया है, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में सड़क और रेल संपर्क बाधित हो गया है। धेमाजी जिले में सिमेन नदी पर बना महत्वपूर्ण रेलवे पुल आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के अधिकारियों के अनुसार, भारी वर्षा और नदी में तेज कटाव के चलते आर्चीपाथर और सिमेन चपारी स्टेशनों के बीच स्थित यह पुल अस्थिर हो गया है। वहीं, बाढ़ के पानी में डूबने से बड़े पैमाने पर फसलें भी नष्ट हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।













