महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ‘अश्लील और आपत्तिजनक’ सामग्री प्रसारित करने के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणीत मोरे, वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
गुरुग्राम में एक कॉमेडी शो के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर मोरे और जांगड़ा विवादों में घिर गए हैं। इन टिप्पणियों में कथित तौर पर एक महिला के साथ जबरदस्ती और बिना उसकी मर्जी के किए गए व्यवहार को सही ठहराया गया था। साइबर अपराध पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मोरे के शो के वायरल वीडियो क्लिप की शुरुआती जांच के बाद यहां नोडल साइबर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि वीडियो में महिलाओं, सहमति और मृत व्यक्तियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं, जो सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करती हैं।












