बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले का मुख्य आरोपी नंदन यादव मंगलवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इस मामले में एक अन्य फरार आरोपी हरेराम यादव के भी घायल होने की सूचना है। उसकी तलाश के साथ ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान जारी है।
यह घटना 19 सितंबर की शाम जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा पहाड़ इलाके में हुई थी। आरोप है कि कोचिंग से लौट रहे एक नाबालिग छात्र और छात्रा को स्कूटी से जाते समय 6-7 युवकों ने रोक लिया। इसके बाद दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया और लोगों में आक्रोश देखने को मिला। पुलिस ने वीडियो के आधार पर करीब सात आरोपियों की पहचान की है। इनमें तीन नाबालिग आरोपियों को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है।
मामले में POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में गठित SIT मामले की जांच कर रही है। जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के मुताबिक, पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।












