पायलटों के संगठन ‘फेडरेशन ऑफ़ इंडियन पायलट्स’ (एफआईपी) ने एक साल पहले हुई ‘एआई-171’ दुर्घटना की न्यायिक जांच की अपनी मांग दोहराई और अधिकारियों से कोई भी अंतरिम जांच रिपोर्ट जारी न करने का आग्रह किया।
12 जून, 2025 को लंदन जा रहा एअर इंडिया का विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत बाद बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में उड़ान में सवार 241 लोग और ज़मीन पर मौजूद 19 लोग शामिल थे। इस हादसे में सिर्फ़ एक यात्री ही बचा था।
विमान दुर्घटना की पहली बरसी से एक दिन पहले एफआईपी के अध्यक्ष सी.एस. रंधावा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संगठन चाहता है कि विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) पूरी जांच के बाद ही अपनी अंतिम रिपोर्ट जारी करे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जारी जांच में कई कमियां हैं और इसने अनुचित तरीके से ध्यान पायलटों की ओर मोड़ दिया है।













