इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से फैले उल्टी-दस्त के प्रकोप में 21 लोगों की मौत का दावा करते हुए कांग्रेस रविवार को शहर की सड़कों पर उतरी।
प्रमुख विपक्षी दल ने देश के सबसे साफ शहर में हुई इस घटना को लेकर बड़े विरोध प्रदर्शन के दौरान सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला और काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय व शहर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव के इस्तीफे की मांग की।
पेयजल त्रासदी को लेकर कांग्रेस ने शहर के बड़ा गणपति चौराहे से राजबाड़ा चौराहे तक ‘न्याय यात्रा’ निकाली। इस पैदल मार्च में प्रदेश के कई कांग्रेस विधायकों के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।हाथों में तख्तियां थामे प्रदर्शनकारियों ने इस घटना के जिम्मेदार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की।













