उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह ईंट भट्ठे पर मिट्टी निकालने से बने गड्ढे में भरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना ग्राम सभा मैनपुर के टोला दीना पट्टी स्थित एक ईंट भट्ठे की है। चार बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे गड्ढे में गिर गए थे। इनमें से एक बच्ची किसी तरह बाहर निकलने में सफल रही और उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया ले गए, जहां चिकित्सकों ने तीन बच्चों को मृत घोषित कर दिया।










