अखिलेश का उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने नई पीढ़ी और छात्रों के बीच अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी के तहत एसपी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को समाजवादी छात्र सभा के छात्र जागरूकता अभियान का ऐलान करते हुए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के परिसरों में छात्रों से सीधे संवाद करने की रणनीति सामने रखी। उन्होंने कहा कि युवाओं की नई सोच को पार्टी के भविष्य के राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने के साथ ही कैंपस से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में जगह दी जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी के सवाल और सोच अलग हैं, इसलिए उसके बीच पुराने राजनीतिक तौर-तरीकों के बजाय नई सोच और नई विचारधारा के साथ पहुंचना होगा। छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कैंपस में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे और उनके मुद्दों को समझेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं से मिलने वाले सुझावों को केवल संगठन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें पार्टी के घोषणापत्र का हिस्सा बनाने पर भी विचार होगा।












