झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने बुधवार को यहां लोक भवन के सामने प्रदर्शन किया और पार्टी ने पूरे देश में एसआईआर प्रक्रिया में कथित खामियों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय मतपत्रों के जरिये चुनाव कराने की भी मांग की।
रांची कॉलेज ग्राउंड से लोक भवन तक विरोध मार्च ऐसे दिन निकाला गया, जब राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने बैठक की और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े विवाद पर एक संयुक्त कार्य योजना को अंतिम रूप दिया। इसमें रैलियां करना और ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ शामिल हैं। झारखंड की राजधानी में, झामुमो नेता एवं कार्यकर्ता लोक भवन के सामने एकत्र हुए। उन्होंने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार शर्म करो’ जैसे नारे लगाए।












