झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत गणना का काम पूरा होने के बाद निर्वाचन आयोग ने बुधवार को मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी, जिसमें पूर्व की वोटर लिस्ट में शामिल करीब 43.62 लाख से अधिक लोगों के नाम हटा दिए गए हैं। हालांकि, आयोग का कहना है कि पात्र मतदाता 4 सितंबर तक अपना नाम फिर से जुड़वा सकते हैं। राज्य में 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में एसआईआर के तहत गणना का काम शुरू होने से पहले 2.64 करोड़ मतदाता थे। उन्होंने कहा कि गिनती का काम पूरा होने के बाद मसौदा मतदाता सूची में 2.21 करोड़ मतदाता शामिल हैं। कुमार ने कहा, ‘‘29 जुलाई तक कुल 2,64,63,236 मतदाताओं में से 2,21,01,249 (83.51 प्रतिशत) मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा करा दिए, जो एसआईआर के गणना वाले चरण में लोगों की अच्छी भागीदारी दिखाता है।












