गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार दोपहर कुछ ही मिनटों के अंतराल पर भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 और 3.2 दर्ज की गई। लगातार आए इन झटकों से आसपास के इलाकों में लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, अब तक कहीं से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
भूकंप विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईएसआर), गांधीनगर के अनुसार, पहला झटका गुरुवार की दोपहर 2:20 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 थी। इसका केंद्र कच्छ के खावड़ा से 32 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पूर्व में स्थित था। भूकंप की गहराई 22.6 किलोमीटर दर्ज की गई।
इसके करीब तीन मिनट बाद 2:23 बजे दूसरा झटका आया, जिसकी तीव्रता 3.2 मापी गई। इसका केंद्र धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था और इसकी गहराई 12.9 किलोमीटर रही। इसी स्थान पर एक और हल्का भूकंपीय कंपन भी दर्ज किया गया। लगातार आए इन झटकों से आसपास के इलाकों में लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
इससे पहले 22 अप्रैल 2026 को गुजरात के आणंद और आसपास के इलाकों में 3.4 तीव्रता का भूकंप आया था। शाम करीब 4:35 बजे आए उस भूकंप का केंद्र आणंद से लगभग 36 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में था। उस दौरान भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली थी।













