समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर बीजेपी पर एक बार फिर से निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने शनिवार को बिना किसी का नाम लिए सोशल मीडिया पर कहा कि ‘सुरंगजीवियों’ को आखिरकार बाहर आना पड़ा है और आरोप लगाया कि असली दोषियों को बचाने तथा जनाक्रोश से बचने के लिए दूसरों को आगे किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने कहा कि इस मामले में सच्चाई अंततः सामने आएगी और दोषियों को न अयोध्या माफ करेगी, न देश और न ही भगवान।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा है कि आखिरकार सुरंगजीवियों को बाहर आना ही पड़ा, क्योंकि अब अपयश का पानी सुरंग में गले तक भर गया है। फिर भी 140 करोड़ देशवासी और दुनियाभर के चंदा-दान देनेवाले सनातनी पूछ रहे हैं कि हर काम में आगे रहने वाले, इस घोर-गंभीर मसले पर खुद सामने क्यों नहीं आए और अपने से पीछेवाले को आगे क्यों कर दिया, क्या इसमें भी ये सोचकर साजिश की गई है कि ‘महापाप’ के दोष और जनाक्रोश से खुद को बचा लो और दूसरे को फंसाकर उससे सफाई दिलवा दो। जो षड्यंत्रजीवी रहे हैं अब तो वो आपस में भी एक-दूसरे की मुखबिरी कर रहे हैं। बंटवारे की लड़ाई सारे राज खोल देगी।












