महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने एक ऑर्केस्ट्रा बार पर छापा मारकर कथित तौर पर असभ्य गतिविधियां करने और तय समय-सीमा के बाद भी बार खुला रखने के आरोप में ग्राहकों एवं कर्मचारियों सहित 41 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, पुलिस ने 19 नवंबर को तड़के करीब दो बजे भिवंडी तालुका के वलगांव इलाके में स्थित ‘माउली ऑर्केस्ट्रा बार एंड रेस्तरां’ पर छापा मारा।एक शिकायत के आधार पर नारपोली पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (अश्लील कृत्य और गाने) तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।













