दिल्ली के द्वारका इलाके में 3 महीने की गर्भवती 30 वर्षीय महिला ने कथित आत्महत्या कर ली है। मृतका नाजिया खानम रक्षा मंत्रालय में असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर के पद पर कार्यरत थी। उसके मायके वालों ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिवार ने यह आशंका भी जताई है कि नाजिया की हत्या की गई और बाद में घटना को आत्महत्या का रूप दिया गया। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
एफआईआर के मुताबिक, नाजिया खानम की शादी 11 अप्रैल 2026 को अजम अली खान से हुई थी। उसके पिता तवाब खान के बयान पर दर्ज एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही नाजिया को उसके पति अजम अली खान, सास समीम निशा, ससुर बाबर अली खान और ससुराल के अन्य सदस्यों की ओर से कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था।
परिजनों का आरोप है कि नाजिया के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। उसे घर से निकालने और जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं। पिता के मुताबिक, नाजिया तीन महीने की गर्भवती थी और वह फोन के जरिए लगातार मायके वालों को ससुराल में हो रही कथित परेशानी के बारे में जानकारी देती थी। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद उसके पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।













